Thursday 21 June 2012

हंसी का पात्र


टूटी-फूटी 
अस्तव्यस्त सी 
अपनी नींद की चादर से 
शरीर को छुड़ा,
अपने मस्तिष्क के कुछ
खोये और जगे,
कुछ जीवित और मृत प्रायः 
कुलबुलाते कीड़ों का 
भार वहन करता सा मैं ...

खुद को सूत्रधार की 
कठपुतली महसूस 
करता हुआ, 
उसकी ठोकरों की पीड़ा 
सहने को विवश 
भावनाओं के अंगारों 
पर झुलसता, छटपटाता ...
विश्वास मार्ग की 
भूलों भरी वेदनाओं  में 
तिरस्कृत होता मैं और 
मेरा यह अपमानित दर्द 
असमंजस में हैं 
कि क्या ऐसा भी कभी 
हो सकता है कि 
जिसे दिल की गहराइयों में बसा,
उसके  साथ को 
अपना सौभाग्य बना 
' कोई मेरा भी है ' के  
अहसाह को 
विश्वास के हिम पर बिठा 
अपने प्यार को 
सुरक्षित मानता रहा ....
वही प्यार, जीवन संघर्षों के 
घात-प्रतिघात की 
पीडाओं को सहते हुए 
अवहेलना,अविश्वास,
दुत्कार और 
परायेपन की आंधी में  
यूँ उजड़ जाएगा.

प्रतीत होता है 
जैसे  आज 
ये  भावनाएं,  
ये राग, अनुराग,
प्रीती, अनुरक्ति,विश्वास 
सब मानो चौपड़ पर
सजाये हुए प्यादे हैं 
जिन्हें मैं जूऐ में हार गया हूँ,
और 
इस अट्टहास भरे जीवन के 
मसखरे पन से बचता-बचाता सा
एकदम तनहा, लडखडाता, 
लहूलुहान साँसों के तार 
जोड़ने का 
असफल प्रयास करता हुआ 
स्वयं के लिए 
एक हंसी का पात्र बन कर 
रह गया हूँ मैं.

Saturday 9 June 2012

देव व्रत


मैं  प्रतिभा सक्सेना जी के  ब्लॉग लालित्यम्  की  नियमित पाठक हूँ.  प्रतिभा जी के  इस ब्लॉग पर आजकल  पांचाली कथा की श्रृंखला प्रस्तुत की जा रही है. इसी श्रंखला के तथ्यों  और घटनाओं से प्रेरित होकर भीष्म पितामह से सम्बंधित जो विचार मेरे मन में उपजे ..उनको यहाँ प्रस्तुत कर रही हूँ ...


देव व्रत !
हस्तिनापुर ने 
क्या पाया तुम्हारी 
प्रतिज्ञा से ?
पिता के दैहिक पोषण 
के लिए एक अबला 
को रथ पर 
लिवा  लाये.
किसका  हित  साधा ?
क्या हस्तिनापुर का   ?
व्रत तो व्यापक हित का था न गांगेय  ?

ब्याह लाये
बेबस, भयाक्रांत,
स्वयंवराओं को 
हतवीर्य रोगी भाइयों 
के लिए .
और खड़ा कर दिया...
वारिस प्राप्ति हेतु 
अभद्र धीवर सुत समक्ष !
किसका मान बढाया ?
नारिजाति या पुरु वंश का ?

नियोग करते गर अम्बा से 
तो हरे कौन, वरे कौन  
क्या प्रश्न उठ पाता ?
या समर्थ संतान न पैदा होती, 
कुल की रक्षा हेतु ?

पितृ ऋण से मुक्ति पा 
क्या मातृ आज्ञा का 
सम्मान किया या 
अपने व्रत का मान किया ?
वंश बेल सूख गयी 
पर क्या  तुमने नीति से 
काम लिया ?
रौंद दिया कितनों का 
अस्तित्व 
क्या यही था देव व्रत का 
दैवव्रत ?

कौन सी थाती सौंपी 
अगली पीढ़ी को ?
आजीवन मर्यादाविहीन 
व्यवहार सहे  
और कहलाये पितामह 
किसके मान की रक्षा की 
तुमने देव...अपने  ?

भू-लुंठित नहीं हुए तो क्या 
शर-शैय्या पर गिर 
कौन सा राजसी ठाट पाया 
वसु तुमने ?
आज सोचो किसका भला हुआ 
कौन उद्देश्य पूर्ण हुआ ?
किसका हित सधा
तुम्हारी इस महान प्रतिज्ञा से 
भीष्म ?